इस लेख में हम जानेंगे कि ज़ीज़ी प्लांट कैसे लगाए और केयर करें। ज़ीज़ी प्लांट की हरी, चिकनी पत्तियां देखने में सुंदर लगती है, इसलिए यह एक बढ़िया शो प्लांट है जोकि घर की शोभा बढ़ाता है। यह ड्रॉइंग रूम, ऑफिस, कॉर्नर, रेस्टोरेंट आदि में रखने के लिए अच्छा पौधा है क्योंकि इस पौधे को बहुत ज्यादा देखभाल की जरूरत भी नहीं होती है।
ज़ीज़ी प्लांट क्या है – ZZ plant in hindi
ज़ीज़ी (ZZ) या जंजीबार जेम (Zanzibar Gem) एक हरे रंग की पत्तियों वाला पौधा है जोकि घर के अंदर (Indoor) लगाया जा सकता है। इसका बोटैनिकल नाम Zamioculcas zamiifolia है। यह पौधा साल भर हरा-भरा बना रहता है और 2-4 फुट लंबाई तक बढ़ सकता है। ZZ Plant हवा को शुद्ध करता है और ऑक्सीजन पैदा करता है, इसलिए यह घर के अंदर लगाने के लिए अच्छा है। इससे घर के अंदर स्वास्थ्य के लिए अच्छी शुद्ध हवा बनती है।
ये हर तरह के माहौल, वातावरण में ढल जाते हैं और जल्दी मरते नहीं है। ज़ीज़ी प्लांट की पत्तियां कुछ विषाक्त होती हैं इसलिए इसे छोटे बच्चों, पालतू जानवरों से दूर रखें जिससे वो इसे न खायें।

ज़ीज़ी प्लांट के फायदे – ZZ plant benefits in hindi
नासा (Nasa) द्वारा की गई एक स्टडी के अनुसार ज़ीज़ी प्लांट हवा से जहरीले केमिकल तत्व जैसे Xylene, Toluene, Benzene आदि को निकालता है। इस प्रकार ज़ीज़ी प्लांट एक Air purifier plant है। घर के अंदर प्लास्टिक पेंट, इलेक्ट्रानिक्स आइटम, वार्निश आदि कई सामानों से निकलकर कुछ केमिकल अंश हवा में मिलते रहते हैं जोकि हेल्थ के लिए नुकसानदायक होते हैं। ज़ीज़ी प्लांट इन्हे हटाकर घर में ऑक्सीजन का प्रवाह करता है।
पढ़ें> 25 इनडोर प्लांट जो घर की हवा में ऑक्सीजन भरें
ज़ीज़ी प्लांट कैसे लगायें – Grow ZZ plant in hindi
ज़ीज़ी पौधा गमले में लगाने के लिए बहुत अच्छा है क्योंकि ये इतना ज्यादा नहीं बढ़ता कि इसे जमीन में लगाना पड़ जाए। वैसे आप चाहें तो इसे जमीन में भी लगा सकते हैं। ज़ीज़ी प्लांट को लगाने के लिए कोई खास मिट्टी की जरूरत नहीं होती, बस गमले से एक्स्ट्रा पानी निकलने का इंतजाम होना चाहिए। गमले में पानी रुकने से किसी भी पौधे की जड़ खराब होने लगती है।
ज़ीज़ी प्लांट लगाने के 3 तरीके हैं –
1) ज़ीज़ी प्लांट की जड़ से
2) ज़ीज़ी पौधे की कटिंग लगाकर
3) ज़ीज़ी प्लांट की पत्ती से
1) ज़ीज़ी प्लांट की जड़ से – ZZ plant propagation in hindi
इस पौधे की जड़ देखने में आलू जैसी दिखती है। इन्ही जड़ों में यह पौधा पानी स्टोर करता है जिससे यह कई दिन बिना पानी के रह लेता हैं। यह जड़ छोटे-बड़े आलू जैसे कंद का गुच्छा होती है।

इन कंद को अलग-अलग करके उगाने से ज़ीज़ी का नया पौधा तैयार हो जाता है। इसे लगाने के लिए सामान्य मिट्टी का उपयोग कर सकते हैं, चाहें तो 25% गोबर खाद, 25% कोकोपीट भी मिक्स कर सकते हैं। कोकोपीट डालने का यह फायदा होगा कि मिट्टी में पानी रुकेगा नहीं और पौधे में बार-बार पानी डालने की जरूरत नहीं पड़ती।
पढ़ें> कोकोपीट गमले की मिट्टी में मिलाने के फायदे क्या हैं
2) ज़ीज़ी पौधे की कटिंग लगाकर – ZZ plant ki kalam kaise lagaye
कलम (कटिंग) लगाने के लिए किसी बड़े पौधे से करीब 1 फुट लंबी पत्ती की डाल (Stem) किसी चाकू, ब्लेड से काट लीजिए। इसमें 2-3 पत्तियाँ छोड़कर बाकी पत्ती हटा दीजिए। फिर इस कलम को करीब 4-5 इंच मिट्टी में दबा दीजिए और पानी डाल दीजिए। इसे कहीं छाँव में रख दें और मिट्टी नम रहे बस इतना पानी डालते रहें। कम से कम 3-4 हफ्ते में पौधा जड़ बना लेगा और नई पत्तियां आने लगेंगी।
3) ज़ीज़ी प्लांट की पत्ती से –
इसके छोटे पौधे तैयार करने के लिए यह अच्छा तरीका है। ज़ीज़ी की एक पत्ती लें। एक छोटे गिलास या कप साइज़ के पॉट में मिट्टी भरकर पानी डालकर नम कर लें। अब इसमें पत्ती का वह सिरा दबा दें जोकि डाल से लगा हुआ था। पत्ती के सिरे को पत्ती के साइज़ का करीब 30% मिट्टी में दबा दें और इस पॉट को किसी छाँव वाली जगह रख दें।

करीब 3-4 हफ्ते में इस पत्ती के अंत में छोटे कंद या आलू सा दिखने वाली जड़ जम जाएगी। इसके बाद ये किसी मीडियम साइज़ के गमले में लगाया जा सकता है। आप चाहे तो किसी गमले में एक साथ कई पत्तियां थोड़ी-थोड़ी दूरी पर लगाकर एक साथ कई नए ज़ीज़ी प्लांट के पौधे भी तैयार कर सकते हैं। गमले में भरने के लिए 50% मिट्टी+25% गोबर खाद या वर्मी काम्पोस्ट+ 25% बालू या कोकोपीट डालकर इसमें पौधे तैयार करें तो अच्छी ग्रोथ दिखेगी।
ज़ीज़ी प्लांट की देखभाल कैसे करें – ZZ plant care in hindi
ज़ीज़ी के पौधे की केयर बहुत आसान है क्योंकि इसे बहुत ज्यादा पानी, धूप आदि की जरूरत नहीं होती। इस पौधे में बीमारियाँ और कीड़े नहीं लगते हैं। अगर इसकी पत्तियां बहुत ज्यादा बढ़ जाए और रास्ते में आने लगें तो इसकी छँटाई (Pruning) भी कर सकते हैं।
पानी – ध्यान रखें कि जब ज़ीज़ी प्लांट की मिट्टी सूखी लगे तभी इसमें पानी डालें।
खाद – खाद के लिए महीने में एक बार पानी के साथ मिलाकर NPK खाद (20:20:20) डाल सकते हैं।
पढ़ें> NPK खाद क्या होता है ? इसे कब और कितना डालें
धूप – इस पौधे को सीधी धूप पसंद नहीं है इसलिए इसे कम धूप या छाँव वाली जगह पर भी रख सकते हैं।
हमें आशा है कि आपको ज़ीज़ी प्लांट (ZZ plant in hindi) लगाने का तरीका और ज़ीज़ी प्लांट के बारे में जानकारी पर यह लेख पसंद आया होगा। इस लेख को अपने बागवानी प्रेमी मित्र, परिचितों के साथ शेयर जरूर करें जिससे कि अन्य लोग भी इस जानकारी का लाभ ले सकें। अपने सवाल और अनुभव नीचे कमेन्ट करें।
ये भी पढ़ें>
स्नेक प्लांट के फायदे और कैसे लगाए
सिंगोनियम प्लांट के फायदे और कैसे लगाए
अश्वगंधा के पौधे के फायदे और कैसे लगाए
घर में लगाने के लिए 15 शुभ वास्तु पौधे और फायदे
source :
https://en.wikipedia.org/wiki/Zamioculcas
https://www.huffpost.com/entry/indoor-plants-air-purifying-remove-toxins_l_5cab6e5fe4b02e7a705b9c92